नई दिल्ली। प्रियंका गांधी की राजनीति में सक्रिय एंट्री ने यूपी में सपा—बसपा का गणित बिगाड़कर रख दिया है। प्रियंका की एंट्री के बाद सपा—बसपा ने कांग्रेस से गठबंधन पर पुनर्विचार करना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि सपा—बसपा ने कांग्रेस को 14 सीटों का आॅफर भी दे दिया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी को सपा-बसपा से कम से कम 30 सीटें मिलने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि मायावती और अखिलेश यादव ने 12 जनवरी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन का ऐलान किया था। दोनों पार्टियों ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 38-38 पर चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। दो सीटें गठबंधन की अन्य पार्टियों और अमेठी-रायबरेली सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ दी थी। कांग्रेस के लिए दो सीटें छोड़ने की घोषणा के साथ ही दोनों ने यह भी साफ किया था कि वे कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं करेंगे।
हालांकि, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान मिलने के बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पिछले दिनों खबर आई थी कि राजनीति में प्रियंका गांधी की एंट्री के बाद सपा और बसपा दोनों ने ही अपनी रणनीति में बदलाव किया है। खबर थी कि प्रियंका फैक्टर के सीटवार आंकलन और उम्मीदवार की मजबूती के आधार पर सपा-बसपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगी।
ज्ञात हो कि नवनियुक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज लखनऊ पहुंच रही हैं। प्रियंका के लखनऊ आगमन को लेकर कांग्रेसियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। अमौसी एयरपोर्ट से कांग्रेस मुख्यालय तक प्रियंका गांधी 25 किमी लंबा रोड शो होगा। इस दौरान 28 जगहों पर प्रियंका गांधी का कांग्रेसी स्वागत करेंगे। साथ ही प्रियंका गांधी लालबाग में जनसभा को भी संबोधित करेंगी। प्रियंका के साथ पश्चिमी यूपी के महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और अध्यक्ष राहुल गांधी भी रोड शो में मौजूद रहेंगे।
एएनएस समाचार/गोविन्द गुप्ता
आपको यह रिपोर्ट कैसी लगी, हमें बताएं। सरकारी और कॉरपरेट दवाब से मुक्त रहने के लिए
हमें सहयोग करें : -
हमें सहयोग करें : -

Check Also
अब चार साल को होगा बीएड का कोर्स
नई दिल्ली। टीचर बनने का सपना देखने वालों के लिए मोदी सरकार ने बड़ी घोषणा …